गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांछित अपराधी अनमोल बिश्नोई (Anmol Bishnoi) को अमेरिका ने डिपोर्ट कर दिया है। वह कुछ ही देर में दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पहुंचने वाला है। NIA की एक विशेष टीम पहले ही टर्मिनल-3 पर मौजूद है, जो उसके भारत पहुंचते ही उसे हिरासत में लेगी। बताया जा रहा है कि उसी फ्लाइट से कुछ अन्य डिपोर्ट किए गए लोग भी लौट रहे हैं। अनमोल की फ्लाइट लगभग डेढ़ घंटे देरी से बताई जा रही है।
NIA करेगी औपचारिक गिरफ्तारी
एयरपोर्ट पर उतरते ही अनमोल बिश्नोई को NIA अपनी कस्टडी में लेगी। एजेंसी उसके खिलाफ दर्ज मामलों और लंबित जांचों के आधार पर आगे की रणनीति तय करेगी। केंद्र सरकार यह निर्णय करेगी कि अनमोल को आगे किस एजेंसी को सौंपा जाएगा।
महाराष्ट्र पुलिस ने भी कोर्ट में आवेदन करने की तैयारी कर ली है, क्योंकि अप्रैल 2024 में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग में भी अनमोल वांटेड है।

कई राज्यों में दर्ज मामले, फर्जी रूसी पासपोर्ट से भी जुड़े तार
सूत्रों के मुताबिक अनमोल लंबे समय से अमेरिका और कनाडा के बीच लोकेशन बदलता रहा। इसी दौरान उसके पास फर्जी दस्तावेज़ों पर बना रूसी पासपोर्ट मिलने की जानकारी भी सामने आई थी।
मुंबई पुलिस ने उसके प्रत्यर्पण के लिए दो बार प्रस्ताव भेजा था। NIA पहले ही अनमोल पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है।
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस से भी जुड़ा नाम
2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले में भी अनमोल बिश्नोई का नाम सामने आया था। इसके अलावा, दिवंगत NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में भी उसकी भूमिका की जांच चल रही है।
बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें ईमेल के जरिए अनमोल की भारत वापसी की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि “अनमोल को भारत लाकर उसके अपराधों की सजा मिलनी ही चाहिए।”
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में अब तक 26 आरोपी गिरफ्तार
12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा में उनके बेटे के दफ़्तर के बाहर बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुंबई पुलिस इस मामले में पहले ही MCOCA के कड़े प्रावधान लागू कर चुकी है।
अब तक 26 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अनमोल बिश्नोई, शुभम लोंकर और जीशान मोहम्मद अख्तर फरार बताए जा रहे थे।
Anmol Bishnoi की भारत वापसी के बाद इन सभी मामलों में जांच तेज होने की उम्मीद है।
सत्यवचन न्यूज़ (satyavachannews.com)
आप तक सबसे पहले, सबसे सटीक और सबसे विश्वसनीय खबर पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध।
















Leave a Reply